सिंगरौली/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की झिंगुरदा परियोजना स्थित अधिकारी क्लब में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), सिंगरौली की वर्ष 2025–26 की द्वितीय अर्धवार्षिक बैठक गत शनिवार को सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एनसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक एवं नराकास सिंगरौली के अध्यक्ष श्री बी. साईराम ने की।
बैठक में निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार तथा एनटीपीसी विंध्याचल, विंध्यनगर के परियोजना प्रमुख श्री संजीब कुमार साहा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं के अधिकारियों के साथ-साथ पावरग्रिड, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (के.औ.सु.बल.), एसबीआई वैढ़न, डाक विभाग, यूनियन बैंक, रेलवे, बीईएमएल, बीएसएनएल सहित अनेक सरकारी संस्थानों के राजभाषा अधिकारी और प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अपने संबोधन में सीएमडी श्री बी. साईराम ने कहा कि राजभाषा हिंदी का अधिकतम और प्रभावी उपयोग न केवल सरकारी तंत्र को सरल बनाता है, बल्कि जनसंपर्क और संप्रेषण को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने सभी सदस्य कार्यालयों को हिंदी के शत-प्रतिशत उपयोग के लक्ष्य की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अर्धवार्षिक बैठक में सभी सदस्य कार्यालयों द्वारा हिंदी में कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा की गई तथा हिंदी के प्रयोग को और विस्तार देने हेतु महत्वपूर्ण निर्देश और सुझाव भी प्रदान किए गए। समिति ने आगामी महीनों में राजभाषा के अनुपालन को और मजबूत बनाने के लिए कई बिंदुओं पर सहमति व्यक्त की।
![]()












