आईपीएल 2026 के मिनी-ऑक्शन के लिए कुल 1,355 खिलाड़ियों ने लंबी सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। ये सूची आईपीएल ने फ्रेंचाइजियों के साथ साझा की गई है और रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 30 नवंबर बताई गई। अब फ्रेंचाइजी इनमें से प्रमुख नामों पर अपनी सहमति जताएंगी और उसके बाद नीलामी के लिए खिलाड़ियों की फाइनल लिस्ट तैयार की जाएगी।
ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, इन 1355 रजिस्टर्ड खिलाड़ियों में से 45 खिलाड़ियों ने सबसे ऊंची श्रेणी यानी दो करोड़ रुपये वाले वर्ग में रजिस्ट्रेशन कराया है। वहीं, मैक्सवेल का नाम इन 1355 खिलाड़ियों की सूची में नहीं है। यानी वह बोली में शामिल नहीं होंगे। यह फैसला चौंकाने वाला है।
इनमें प्रमुख नामों में कैमरन ग्रीन, लियाम लिविंगस्टोन, रवि बिश्नोई, वेंकटेश अय्यर, मथीशा पथिराना और वानिंदु हसरंगा शामिल हैं। नीलामी एक दिन की होगी और 16 दिसंबर को अबू धाबी में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक फ्रेंचाइजी अधिकतम 25 खिलाड़ियों का स्क्वॉड बना सकती है। इस आधार पर ऑक्शन में कुल 77 स्लॉट भरे जाने हैं, जिनमें से 31 स्लॉट विदेशी खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं।