देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो में उड़ानों का संकट शुक्रवार को भी जारी रहा। इसका असर बरेली में भी दिखा। शुक्रवार को ऐन मौके पर बरेली-मुंबई की फ्लाइट को निरस्त कर दिया गया। इससे 230 यात्रियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। शनिवार को बरेली-बंगलूरू के बीच उड़ान पर भी संशय है।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण सिविल एन्क्लेव बरेली के निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को बंगलूरू की उड़ान निश्चित नहीं है। विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन नियमों में बदलाव के बाद से ही देश भर में इंडिगो एयरलाइंस की सेवाएं प्रभावित हैं।
यात्रियों को रिफंड करेगी एयरलाइंस कंपनी
निदेशक ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम तक शुक्रवार को बरेली से मुंबई के लिए उड़ान तय थी, लेकिन शुक्रवार सुबह उड़ान निरस्त किए जाने की सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि बरेली से 230 यात्रियों को मुंबई जाना था। एयरलाइंस कंपनी इन यात्रियों को किराया रिफंड करेगी।
उन्होंने बताया कि उनकी इंडिगो एयरलाइंस के अधिकारियों से बात हुई है। हालात सामान्य होने में अभी दो से तीन दिन तक का समय लग सकता है। बंगलूरू की उड़ान को लेकर शनिवार सुबह तक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस उड़ान को भी निरस्त माना जा रहा है।












