नई दिल्ली: ‘बिग बॉस 19′ की ट्रॉफी गौरव खन्ना ने जीत ली है. उन्हें इनाम के तौर पर 50 लाख रुपये मिले. उन्हें फरहाना भट्ट ने कड़ी टक्कर दी. टेलीविजन का मशहूर चेहरा गौरव खन्ना ने रियलिटी शो में खूब सुर्खियां बटोरीं. उन्होंने अपने शांत स्वभाव से फिनाले में अपनी जगह पक्की की. उत्तर प्रदेश के कानपुर में जन्मे गौरव खन्ना ने 2000 के दशक की शुरुआत में इंडस्ट्री में कदम रखा था. वे पहली बार टेलीविजन शो ‘भाभी’ में दिखाई दिए थे. वे बाद में ‘जीवन साथी – हमसफर जिंदगी के’, ‘सीआईडी’, ‘तेरे बिन’ और ‘प्रेम या पहेली – चंद्रकांता’ जैसे शोज से मशहूर हुए.
रियलिटी शो के ग्रैंड फिनाले में गौरव खन्ना, फरहाना भट्ट, प्रणित मोरे, अमाल मलिक और तान्या मित्तल टॉप 5 में जगह बनाने में सफल रहे. शुरू में गौरव खन्ना के साथ-साथ अमाल मलिक को ट्रॉफी का मजबूत दावेदार माना जा रहा था, लेकिन आखिरी कुछ हफ्तों में दूसरे कंटेस्टेंट ने ट्रॉफी में अपनी दावेदारी मजबूत की. बसीर अली, शहबाज बदेशा और जीशान कादरी चाहते थे कि अमाल मलिक बिग बॉस की ट्रॉफी उठाएं, लेकिन वह टॉप 4 में भी जगह नहीं बना पाए. प्रणित मोरे, फरहाना भट्ट और गौरव खन्ना बिना ज्यादा शोर-शराबे के टॉप 3 में जगह बनाने में सफल रहे.
शुरू में कमजोर लगे थे गौरव खन्ना
गौरव खन्ना शुरुआती हफ्तों में बाकी कंटेस्टेंट से पीछे नजर आए, लेकिन धीरे-धीरे उनके खेल में बड़ा सुधार आया. वे आखिर में बाकी कंटेस्टेंट से आगे निकल गए. बिग बॉस 19 के फिनाले में कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे ने अपनी फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा मै तेरा तू मेरी’ का प्रमोशन किया जो क्रिसमस के मौके पर 25 दिसंबर को रिलीज होने वाली है. उन्होंने घरवालों के साथ टास्क खेला.
धर्मेंद्र को याद कर रो पड़े सलमान खान
बिग बॉस 19 के फिनाले में सलमान खान ने धर्मेंद्र को ट्रिब्यूट दिया और रियलिटी शो जुड़ी उनकी पुरानी यादों को दर्शकों के साथ साझा किया. सलमान खान उनके साथ बिताए पुराने दिनों को याद करके रो पड़े. उन्होंने भीगी आंखों से कहा, ‘मेरे लिए एक ही हीरो है धर्मेंद्र. वे मासूम चेहरा लेकर आए और ही-मैन बनकर निकले. 60 साल एंटरटेनमेंट को दिए. मैंने पूरी जिंदगी उनको फॉलो किया.’ धर्मेंद्र अक्सर सलमान खान को अपना बेटा बताते थे और कहते थे, ‘तू मुझपे गया है.’ 8 दिसंबर को धर्मेंद्र का जयंती है.
24 अगस्त से शुरू हुआ था ‘बिग बॉस 19’
बिग बॉस 19 के फिनाले में बिग बॉस के पूर्व कंटेस्टेंट करण कुंद्रा और सनी लियोी ) भी अपने नए डेटिंग रियलिटी शो एमटीवी ‘स्प्लिट्सविला X6’ को प्रमोट करने के लिए पहुंचे. इसके अलावा, भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह एक गेस्ट के रूप में नजर आए. 24 अगस्त से शुरू हुए बिग बॉस 19 में कुल 18 कंटेस्टेंट शामिल हुए. शो के पांच फाइनलिस्ट के अलावा बाकी कंटेस्टेंट अशनूर कौर, अभिषेक बजाज, कुनिका सदानंद, मालती चाहर, बसीर अली, आवेज दरबार, शहबाज बदेशा, मृदुल तिवारी, नेहल चुडासमा, नीलम गिरी, नतालिया जानोसजेक, नगमा मिराजकर और जीशान कादरी थे.












