लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मंडल चिकित्सालय बादशाहनगर, रमेश चन्द्र के दिशा-निर्देशन में लखीमपुर रेलवे स्टेशन परिसर में एक दिवसीय मल्टीस्पेशल्टी स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य की समय पर जांच कर उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान कुल 65 रेलवे कर्मियों एवं उनके परिवारीजनों का विभिन्न चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। इसमें ईसीजी जांच के साथ-साथ मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, गर्भावस्था प्रेरित उच्च रक्तचाप सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच के उपरांत संबंधित लोगों को आवश्यक परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव भी दिए।

शिविर के दौरान मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने प्राथमिक उपचार और आपातकालीन स्थिति में सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित रेलवे कर्मियों और उनके परिवारजनों को स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि समय पर प्राथमिक उपचार और सही जानकारी कई बार जीवन रक्षक सिद्ध हो सकती है।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनामिका सिंह सहित मंडल चिकित्सालय के अन्य चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं हेल्थ इंस्पेक्टर भी मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन की इस पहल की कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने सराहना की और इसे स्वास्थ्य के प्रति एक सराहनीय कदम बताया।
ल
![]()













