सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने आज रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय तेंदू का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षक पठन-पाठन कार्य करते हुए पाए गए। जिलाधिकारी ने कक्षा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से पहाड़े सुने, जिस पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। इसके उपरांत बच्चों से संवाद कर उनके बौद्धिक स्तर का आकलन किया तथा बेहतर शिक्षण कार्य के लिए अध्यापक एवं शिक्षामित्र को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय विद्यालय में पंजीकृत 54 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 40 की उपस्थिति पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने विद्यालय के अध्यापकों को निर्देशित किया कि पंजीकृत सभी छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए अभिभावकों को भी प्रेरित किया जाए, ताकि बच्चे नियमित रूप से विद्यालय आएं।
मध्याह्न भोजन के संबंध में जानकारी लेने पर बच्चों ने बताया कि आज तहरी एवं दूध दिया गया है। जिलाधिकारी ने पाया कि भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार ही तैयार किया गया था। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय में प्रतिदिन निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन बनाकर बच्चों को समय से उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही विद्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने विद्यालय में पेयजल की स्थिति, शौचालय, दिव्यांग शौचालय तथा रसोईघर में उपलब्ध खाद्यान्न की स्थिति का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया, जिसमें पाया गया कि प्रधानाध्यापिका प्रमिला सिंह 16 एवं 17 दिसंबर 2025 को बिना किसी प्रार्थना-पत्र के अनुपस्थित थीं। इस पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापिका को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीसी जी राम जी, श्री रविन्द्र वीर सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी श्री जगरूप सिंह पटेल सहित विद्यालय के अध्यापक एवं शिक्षामित्र उपस्थित रहे।
![]()













