दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नगर पंचायत दुद्धी कस्बे के रामनगर वार्ड नंबर 10 स्थित मुख्य मार्ग पर बीती 19/20 दिसंबर की रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पूरे कस्बे में दहशत फैला दी। घनी आबादी के बीच स्थित सीखा अलंकार ज्वेलर्स का शटर तोड़कर चोर करीब तीन लाख रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का फायदा उठाकर चोर पूरी वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।
शनिवार की अल सुबह जब मोहल्ले के लोग टहलने के लिए बाहर निकले तो उन्होंने ज्वेलरी शॉप का शटर खुला देखा। इस पर तत्काल दुकान मालिक को सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दुकानदार ने देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है और दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा है। यह दृश्य देखकर वे स्तब्ध रह गए। पीड़ित दुकानदार ने तुरंत डायल 112 और स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम के साथ दुद्धी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। दुकान स्वामी ने लिखित तहरीर देकर बताया कि दुकान से लगभग डेढ़ किलो चांदी के विभिन्न आभूषण, जिन पर सोने की पॉलिश चढ़ी हुई थी, चोरी हो गए हैं। उन्होंने चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि महज एक सप्ताह पहले इसी इलाके में करीब 200 मीटर की दूरी पर एक घर का ताला तोड़कर नकदी और लाखों रुपये के गहनों की चोरी हुई थी। इसके बावजूद चोरों की गिरफ्तारी न होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नगरवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
नगरवासियों का आरोप है कि जब दुद्धी कस्बे में थाना स्थित था, तब रात्रि में पुलिस वाहन और पैदल गश्त नियमित रूप से होती थी। लेकिन थाना रजखड़ गांव स्थानांतरित होने के बाद रात्रि पैदल गश्त लगभग बंद हो गई है, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। लोगों का दावा है कि दुद्धी कस्बे में अब तक एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन किसी भी मामले में चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इनसेट
चोरी की घटना से आक्रोशित स्वर्ण सराफा व्यापारियों एवं अधिवक्ता समाज ने तहसील दिवस के दौरान अध्यक्षता कर रहे एसडीएम निखिल यादव को प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग करते हुए राजगढ़ थाने से कोतवाली को पुनः दुद्धी कस्बे में स्थापित करने की मांग उठाई, ताकि क्षेत्र को सुरक्षित बनाया जा सके और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वालों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
![]()











