दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। कोतवाली दुद्धी क्षेत्र अंतर्गत रजखड़ गांव में पुलिस ने पशु तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से तीन मवेशियों को बरामद किया है। इस दौरान वाहन चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से पशु तस्करों में हड़कंप मच गया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को नियमित चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को लादकर विंढमगंज की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रजखड़ गांव के पास संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान पिकअप में तीन मवेशी पाए गए, जिन्हें अवैध रूप से तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने मौके से वाहन चालक आशीष यादव पुत्र राजेंद्र यादव, निवासी विंढमगंज को गिरफ्तार कर लिया। बरामद पिकअप वाहन और मवेशियों को कब्जे में लेकर कोतवाली लाया गया। अभियुक्त के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसएसआई सुरेश चंद्र द्विवेदी सहित हेड कांस्टेबल व अन्य पुलिसकर्मियों की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पशु तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और इस प्रकार के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
![]()











