Last Updated:
ब्रॉडवे की चाइल्ड आर्टिस्ट और ‘द लायन किंग’ नाटक में यंग नाला की भूमिका निभाने वाली इमानी दिया स्मिथ की दर्दनाक हत्या कर दी गई है. उनकी सिर्फ 25 साल की थीं. इस दुखद घटना ने रंगमंच जगत में शोक की लहर दौड़ा दी है. इस केस में एक्टर के 35 साल के बॉयफ्रेंड जॉर्डन डी. जैक्सन-स्मॉल को गिरफ्तार किया गया है.
नई दिल्ली. अमेरिका के ब्रॉडवे थिएटर जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. मशहूर म्यूजिकल ‘द लायन किंग’ में यंग नाला के तौर पर पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस इमानी दिया स्मिथ का 25 साल की उम्र में निधन हो गया है. जानकारी के मुताबिक, न्यू जर्सी के एडिसन शहर में रविवार को एक घर से 911 कॉल के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां इमानी को कई जगह चाकू के घाव के साथ गंभीर हालत में पाया गया.
मिडलसेक्स काउंटी प्रॉसीक्यूटर ऑफिस के 23 दिसंबर को जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, इमानी को न्यू ब्रंसविक के रॉबर्ट वुड जॉनसन यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी मौत की पुष्टि हुई. अधिकारियों ने तुरंत जांच शुरू की, जो अब हत्या के मामले में बदल चुकी है. इस दुखद घटना ने रंगमंच जगत में शोक की लहर दौड़ा दी है.
बॉयफ्रेंड जॉर्डन डी पर हत्या का आरोप
घटना के सिलसिले में इमानी के 35 साल के बॉयफ्रेंड जॉर्डन डी. जैक्सन-स्मॉल को 23 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया. मिडलसेक्स काउंटी प्रॉसीक्यूटर योलांडा सिकोन और एडिसन पुलिस डिपार्टमेंट चीफ थॉमस ब्रायन के संयुक्त बयान में कहा गया कि जैक्सन-स्मॉल पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है. इसके अलावा, उन्हें सेकंड-डिग्री चाइल्ड एंडेंजरमेंट, थर्ड-डिग्री अनलॉफुल पर्पज के लिए हथियार रखने और फोर्थ-डिग्री अनलॉफुल हथियार पोजेशन के आरोप भी लगाए गए हैं. प्रॉसीक्यूटर्स ने अभी तक अपराध की परिस्थितियों या जैक्सन-स्मॉल के प्ले के बारे में अधिक विवरण नहीं दिया है.
परिवार ने बनाया GoFundMe पेज
इमानी अपने पीछे तीन साल के बेटे, माता-पिता, दो छोटे भाई-बहनों को छोड़ गई हैं. उनकी मौत से परिवार भावनात्मक और आर्थिक संकट में है. उनकी आंटी कीरा ने एक GoFundMe पेज बनाया है, जिसके अनुसार दान राशि का उपयोग अंतिम संस्कार खर्च, घर की सफाई, परिवार के लिए ट्रॉमा थेरेपी, कानूनी खर्च और एक्ट्रेस के छोटे बेटे व कुत्ते की देखभाल के लिए किया जाएगा.
2011-12 में आई थीं ‘द लायन किंग’ में नजर
परिवार ने उन्हें ‘जीवंत, प्यार करने वाली और अद्भुत प्रतिभाशाली व्यक्ति’ बताया है. इमानी ने 2011-2012 के दौरान ब्रॉडवे पर ‘द लायन किंग’ में काम किया था. उनकी मां, मोनिक, एक हेअरस्टाइलिस्ट हैं जो ब्रॉडवे, टीवी और फिल्मों में काम करती हैं.
About the Author
शिखा पाण्डेय News18 Digital के साथ दिसंबर 2019 से जुड़ी हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. News18 Digital से पहले वह Zee News Digital, Samachar Plus, Virat Vaibhav जैसे प्रतिष्ठ…और पढ़ें
![]()










