सिंगरौली/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में महिला सशक्तिकरण और प्रतिभा संवर्धन की दिशा में अहम कदम उठाते हुए सोमवार को दो दिवसीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता ‘निरामया 2.0’ का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन एनसीएल के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सीईटीआई परिसर में शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं का उत्साहपूर्ण सहभाग देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिलोस प्रेसिडेंट एवं कृति महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती बी.के. दुर्गा ने वर्चुअल माध्यम (वीसी) के जरिए किया। इस अवसर पर कृति महिला मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती नम्रता कुमार, श्रीमती संगीता नारायण, श्रीमती वीणा सिंह, श्रीमती शीला द्विवेदी, श्रीमती रूबी जायसवाल सहित महिला मंडल की अन्य सम्मानित सदस्याएं उपस्थित रहीं।
‘निरामया 2.0’ में पाँच टीमों की लगभग 45 प्रतिभागी हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में बैडमिंटन, कैरम, लूडो, 50 मीटर दौड़, कबड्डी, रिले रेस, रस्साकशी और बैलेंस द ग्लास जैसे रोमांचक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। मैदान पर प्रतिभागियों का उत्साह और खेल भावना देखते ही बन रही है।

यह प्रतियोगिता न केवल गृहिणियों और एनसीएल परिवार की महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान कर रही है, बल्कि नारी सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और महिला चेतना को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आयोजकों ने कहा कि एनसीएल भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को प्रोत्साहित करने का क्रम जारी रखेगा।

दो दिवसीय यह आयोजन मंगलवार को सिंगरौली स्टेडियम में समापन समारोह के साथ संपन्न होगा, जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
![]()












