लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में आज एक सादे एवं भावनात्मक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 35 रेल कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के अवसर पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। यह समारोह मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के ‘बहुउद्देशीय हाल’ में आयोजित किया गया, जहां मण्डल रेल प्रबन्धक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राहुल यादव की उपस्थिति में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापक भुगतान प्रपत्र एवं सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों के स्थान पर रिक्त हुए पदों पर कार्यरत पात्र कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति आदेश भी सौंपे गए। पदोन्नति मिलने से कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला, वहीं यूनियन एवं एसोसिएशन ने प्रशासन के इस निर्णय पर संतोष प्रकट करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।

समारोह में मंडल वित्त प्रबंधक श्री उमेश कुमार, सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी (प्रथम) श्री सतीश कुमार श्रीवास्तव तथा सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी (द्वितीय) श्री प्रमोद कुमार भारती ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को रेलवे सेवाओं में उनके लंबे समय तक दिए गए योगदान, निष्ठा और समर्पण के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही, उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
सेवानिवृत्ति समारोह में अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे और सभी ने सेवानिवृत्त साथियों को भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम के दौरान वातावरण भावनात्मक एवं सौहार्दपूर्ण रहा, जिसमें रेलवे के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की झलक स्पष्ट दिखाई दी।
![]()












