सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र के कोन विकास खंड में आयोजित विधायक खेल महाकुंभ (ब्लॉक स्तरीय) का शुभारंभ आज अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प तथा शुल्क, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग श्री रविन्द्र जायसवाल ने सदर विधायक श्री भूपेश चौबे की विशिष्ट उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया।
खेल महाकुंभ के शुभारंभ अवसर पर प्रभारी मंत्री एवं सदर विधायक ने खेल मैदान का भ्रमण किया और खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने वॉलीबॉल खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए अपने हाथों से बॉल फेंककर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। वहीं खो-खो प्रतियोगिता में भाग ले रहीं बालिका खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया और उनके आत्मविश्वास की सराहना करते हुए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि पहले यह कहावत प्रचलित थी कि “पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे कूदोगे होगे खराब”, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन सरकार ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पढ़ोगे-लिखोगे तो नवाब बनोगे ही, लेकिन खेलोगे-कूदोगे तो भी नवाब बनोगे। सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए गंभीर है और मेडल लाने वाले खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी, डीएसपी जैसे उच्च पदों पर नियुक्ति दी जा रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि देश के लिए ओलंपिक में पहला पदक बालिकाओं ने दिलाया था।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि विधायक खेल महाकुंभ के माध्यम से ग्रामीण अंचलों की छिपी प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है, जिससे वे आगे चलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकेंगी। कार्यक्रम के पश्चात प्रभारी मंत्री विशाल इंग्लिश एकेडमी, कोन में आयोजित महासम्मेलन में भी शामिल हुए।
इस अवसर पर सदर विधायक श्री भूपेश चौबे ने कहा कि विधायक खेल महाकुंभ कोन ब्लॉक सहित पूरी सदर विधानसभा क्षेत्र की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर है। उन्होंने बताया कि सदर विधानसभा के सभी पांचों ब्लॉकों में विधायक खेल महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है, जिससे जनपद सोनभद्र की प्रतिभाओं को निखरने का व्यापक मंच मिलेगा। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी खिलाड़ियों और आयोजकों को बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री, सदर विधायक सहित उपस्थित जनसमूह ने दुद्धी विधानसभा के लोकप्रिय विधायक स्वर्गीय विजय सिंह गौड़ के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर उप जिलाधिकारी ओबरा श्री विवेक कुमार सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कोच तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी ग्रामीण उपस्थित रहे।
![]()












