लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के लिए गौरव का क्षण रहा, जब अपनी उत्कृष्ट, प्रतिबद्ध एवं अनुकरणीय रेल सेवाओं के लिए वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्री इंद्र कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता श्री देवेश शर्मा तथा रेलवे सुरक्षा बल निरीक्षक श्रीमती चन्दना सिन्हा को “अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार–2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान आज 09 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में माननीय रेल मंत्री भारत सरकार श्री अश्विनी वैष्णव द्वारा प्रदान किया गया।
भारतीय रेल में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित समारोह के अंतर्गत देशभर के क्षेत्रीय रेलवे, मंडलों, कार्यशालाओं, कारखानों एवं विभिन्न इकाइयों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों में से उनकी उत्कृष्ट एवं सर्वोत्तम सेवाओं के आधार पर चयनित कर्मियों को यह सर्वोच्च रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इस वर्ष की सूची में उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के तीन अधिकारियों का चयन होना मंडल के लिए विशेष उपलब्धि मानी जा रही है।
महाकुंभ-2025 की सुरक्षित तैयारी में उल्लेखनीय योगदान
वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्री इंद्र कुमार ने मंडल में कोचिंग संपत्तियों के अनुरक्षण, संपत्ति उपयोगिता तथा परिचालन तत्परता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महाकुंभ-2025 की तैयारियों के दौरान उन्होंने प्रयाग एवं फाफामऊ स्टेशनों पर अतिक्रमण हटवाकर दोनों ओर नई स्टेशन इमारतों तथा सर्कुलेटिंग एरिया का निर्माण सुनिश्चित कराया, जिससे यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
प्रभावी प्रबंधन और दक्षता की मिसाल बने देवेश शर्मा
वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता श्री देवेश शर्मा ने कोचिंग संपत्तियों के अनुरक्षण एवं परिचालन तत्परता बढ़ाने में सराहनीय योगदान दिया। महाकुंभ-2025 के दौरान उन्होंने 40 अतिरिक्त रेकों की अग्रिम योजना बनाकर समयबद्ध अनुरक्षण सुनिश्चित किया, जिससे प्रयागराज, अयोध्या और वाराणसी के बीच 300 से अधिक ट्रेनों का सुचारू संचालन संभव हो सका। उनके प्रयासों से आलमबाग कैरिज वर्कशॉप का उत्पादन 11.5 प्रतिशत तक बढ़ा, जिससे कोचिंग परिचालन में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।
‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ की नायिका बनीं चन्दना सिन्हा
रेलवे सुरक्षा बल निरीक्षक श्रीमती चन्दना सिन्हा ने मानवता और सामाजिक दायित्व की मिसाल पेश करते हुए वर्ष 2024-25 के दौरान बाल श्रम के लिए ले जाए जा रहे 40 नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया। ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के अंतर्गत बच्चों के हितों की रक्षा हेतु उनके द्वारा किए गए प्रयासों को विशेष सराहना मिली।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
![]()












