दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। थाना दुद्धी पुलिस ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए बड़ी कार्रवाई करते हुए धारा 138 एनआई एक्ट के एक वारंटी अभियुक्त को देर रात गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपर सिविल न्यायालय जनपद सोनभद्र में लंबित मूल वाद संख्या 6998/25, धारा 138 एन.आई. एक्ट से संबंधित एक अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा जारी वारंट के अनुपालन में थाना दुद्धी पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के प्रति सख्ती का संदेश दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनुपम कुमार (36 वर्ष) पुत्र ब्रह्मदेव, निवासी कादल, पोस्ट झारोकला, थाना दुद्धी, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने अभियुक्त को दिनांक 9 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 9:05 बजे कस्बा दुद्धी स्थित बीज भंडार दुकान के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। गिरफ्तारी के पश्चात विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना दुद्धी की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें उपनिरीक्षक कुंवर सिंह एवं हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि न्यायालय से वांछित एवं फरार अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
![]()











