दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के तहत थाना दुद्धी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की घटनाओं में संलिप्त एवं अवैध हथियार रखने वाले तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निकट पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना दुद्धी पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्ति एवं वस्तुओं की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कनहर नदी के पास संस्कार घाट जाने वाले मार्ग पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से दो पुरुष एवं एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान तीनों अभियुक्तों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजा कुमार पुत्र राजू राम, निवासी वार्ड संख्या 01 स्वीपर बस्ती, कस्बा दुद्धी, जनपद सोनभद्र (उम्र लगभग 24 वर्ष), शम्भू राम पुत्र बुधन राम, निवासी गढ़वा जेमेटोली, थाना गढ़वा, जिला गढ़वा, झारखंड (उम्र लगभग 40 वर्ष) तथा निशा देवी पत्नी राजू राम, निवासी वार्ड संख्या 01 स्वीपर बस्ती, कस्बा दुद्धी, जनपद सोनभद्र (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को दिनांक 14 जनवरी 2026 को समय लगभग 04:40 बजे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्यवाही के पश्चात न्यायालय भेज दिया। इनके विरुद्ध थाना दुद्धी पर मु0अ0सं0 272/2025 एवं 317/2025, धारा 331(4), 305(ए), 317(2), 317(5) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जयशंकर राय, प्रभारी दुद्धी तथा उपनिरीक्षक हरिकेश आजाद द्वारा की जा रही है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम ने अभियुक्तों के कब्जे से एक अदद देशी तमंचा (.315 बोर), एक अदद जिंदा कारतूस (.315 बोर), चोरी की नगदी ₹42,500 तथा सफेद धातु के आभूषणों में 19 जोड़ी पायल एवं 29 जोड़ी बिछिया बरामद की हैं। दुद्धी पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आमजन में सुरक्षा और पुलिस के प्रति विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
![]()











