लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल क्रीड़ा संघ के तत्वावधान में ऐशबाग रेलवे स्टेडियम पर आयोजित “अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट लीग 2026” (आईडीएल) टूर्नामेंट के तहत मंगलवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स ने इलेक्ट्रिक वारियर्स ओपी को 14 रनों से पराजित किया, जबकि दूसरे मैच में जनरल एडमिन ने इलेक्ट्रिकल थंडरबोल्ट्स को 89 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त दी।
दिन के पहले मुकाबले में इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान मनीष झा ने शानदार नेतृत्व करते हुए नाबाद 76 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 49 गेंदों पर 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। रोहित ने 23 रन और सौरभ ने 17 रन का योगदान दिया।
इलेक्ट्रिक वारियर्स ओपी की ओर से अष्टभुजा सिंह और सूरज सिंह ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मिथलेश शाह और शशांक श्रीवास्तव को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए इलेक्ट्रिक वारियर्स ओपी की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी। टीम की ओर से मिथलेश शाह ने नाबाद 44 रन की अहम पारी खेली। प्रेम पासवान ने 36 रन और तारिक हुसैन ने 28 रन बनाए। इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स की गेंदबाजी में रोहित ने 2 विकेट लिए, जबकि सचिन कुमार, मोहम्मद फिरोज, शशि और सौरभ ने एक-एक विकेट झटके। इस तरह इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स ने मुकाबला 14 रनों से अपने नाम किया।
दिन के दूसरे लीग मुकाबले में जनरल एडमिन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। टीम की ओर से अंकित सचान ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए 45 गेंदों पर 60 रन बनाए। अताउल्लाह ने 39 रन, करन सिंह ने 16, राहुल यादव ने 14 और उदित मिश्रा ने 11 रन का योगदान दिया। इलेक्ट्रिकल थंडरबोल्ट्स की ओर से नीरज एजाज़, जितेंद्र और दिनेश ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में इलेक्ट्रिकल थंडरबोल्ट्स की पूरी टीम 15.2 ओवरों में मात्र 82 रन पर ऑलआउट हो गई। उपवन सिन्हा ने 17 रन, राकेश कुमार सोनी ने 14 रन और सुनील यादव ने 11 रन बनाए। जनरल एडमिन की घातक गेंदबाजी के सामने थंडरबोल्ट्स के बल्लेबाज टिक नहीं सके। अताउल्लाह और मीनू गंगवार ने 3-3 विकेट झटके, जबकि रंजीत कुमार ने 2 विकेट लिए। मुकलेश मीना और अंकित सचान को भी 1-1 विकेट मिला। जनरल एडमिन ने यह मुकाबला 89 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया।
![]()











