बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) द्वारा मध्यप्रदेश के अमरकंटक में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में संगठन विस्तार को लेकर अहम निर्णय लिए गए। इस दौरान सोनभद्र निवासी एडवोकेट संतोष कुमार को उत्तर प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष द्वारा उन्हें विधिवत नियुक्ति पत्र एवं मुहर प्रदान की गई।
राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से आए पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से बूथ स्तरीय सदस्यता अभियान पूरे देश में तेज करने पर विशेष जोर दिया गया। गोंगपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम ने कहा कि पार्टी को सशक्त बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठित रूप से कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक एकता सबसे आवश्यक है।
अधिवेशन के दौरान उत्तर प्रदेश से एडवोकेट संतोष कुमार को युवा मोर्चा अध्यक्ष तथा मध्यप्रदेश की वैशाली धुर्वे को स्टूडेंट्स यूनियन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
अमरकंटक स्थित अमर ज्योति प्रांगण में 13 एवं 14 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम के दौरान दादा हीरा सिंह मरकाम की प्रतिमा का अनावरण राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों पर हो रहे अत्याचार एवं उत्पीड़न की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की और इसके खिलाफ प्रभावी रणनीति बनाने पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव श्याम सिंह मरकाम, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल सिंह धुर्वे, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू सिंह मरावी, प्रदेश महासचिव रमाशंकर सिंह पोया, सोनभद्र जिलाध्यक्ष रामनरेश पोया सहित देश के विभिन्न प्रांतों से आए पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
![]()












