लखनऊ/एबीएन न्यूज। मौनी अमावस्या स्नान पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा प्रयाग जंक्शन एवं फाफामऊ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक एवं प्रभावी भीड़ प्रबंधन व्यवस्था लागू की गई। मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा ने सिविल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए स्वयं इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर (आईसीसी) के माध्यम से दोनों स्टेशनों की व्यवस्थाओं की कमान संभाली और संपूर्ण संचालन की सतत निगरानी की।
प्रयाग जंक्शन से प्रतिदिन संचालित नियमित ट्रेनों एवं मेला स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शाम छह बजे तक चार अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया गया, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु एवं व्यवस्थित बनी रही।

संभावित भीड़ वृद्धि को ध्यान में रखते हुए ऑन-ड्यूटी सभी परिचालन एवं वाणिज्यिक स्टाफ तथा रेलवे सुरक्षा बल को अलर्ट मोड पर रखा गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से प्रयाग जंक्शन पर बम स्क्वायड द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिससे स्टेशन परिसर में यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

यात्रियों की सहायता के लिए कमर्शियल स्टाफ, सिविल डिफेंस तथा स्काउट एवं गाइड टीमों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। ये टीमें वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य यात्रियों को मार्गदर्शन, सूचना एवं आवश्यक सहयोग प्रदान कर रही हैं, जिससे स्टेशन परिसर में आवागमन सुचारु बना रहे।

इसके साथ ही, इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट, लखनऊ से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु अधिकारियों ने प्रयाग जंक्शन पर भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने सीसीटीवी निगरानी, विभागीय समन्वय, त्वरित निर्णय प्रक्रिया तथा जमीनी स्तर पर कार्यरत स्टाफ की भूमिका को समझते हुए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। माघ मेला एवं स्नान पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा निरंतर निगरानी, बेहतर समन्वय एवं तत्परता के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान किया जा रहा है।
![]()














