Last Updated:
अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ 16 जनवरी को जापान में रिलीज हुई. फिल्म के प्रमोशन के लिए रश्मिका और अल्लू अर्जुन जापान में थे. विदेश में एक्ट्रेस की फिल्म रिलीज होते ही विदेशी फैंस ने उनपर ढेर सारा प्यार लुटाया. एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर कर फैंस से मिले लेटर्स की झलक दिखाई.
नई दिल्ली. भारतीय सिनेमा की लोकप्रियता अब सीमाओं से आगे निकल चुकी है और साउथ फिल्मों का क्रेज विदेशी दर्शकों के बीच लगातार बढ़ रहा है. इसी का ताजा उदाहरण है अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’, जिसने जापान में रिलीज होते ही खूब सुर्खियां बटोरीं. फिल्म की रिलीज के सिलसिले में अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना 16 जनवरी को जापान पहुंचे थे.
प्रमोशनल इवेंट्स के दौरान दोनों सितारों को वहां के दर्शकों से भरपूर प्यार और सम्मान मिला. खास तौर पर रश्मिका के लिए यह अनुभव बेहद खास और भावनात्मक रहा. जापान में फैंस ने रश्मिका को हाथ से लिखी चिट्ठियां और कई प्यारे तोहफे भेंट किए. भारत लौटने के बाद जब उन्होंने ये चिट्ठियां पढ़ीं, तो खुद को भावनाओं से रोक नहीं पाईं. अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपने दिल की बात साझा की.
रश्मिका मंदाना ने शेयर किया नोट
रश्मिका ने लिखा, ‘मैं सिर्फ एक दिन के लिए जापान में थी, लेकिन इतने कम समय में जो सच्चा प्यार मिला, वह मेरे लिए बेहद खास है. मैंने हर एक चिट्ठी पढ़ी और हर तोहफे को संभालकर घर लाई हूं. यह सब देखकर मैं सच में बहुत इमोशनल हो गई.’
इसके साथ ही उन्होंने जापान के फैंस से एक खूबसूरत वादा भी किया. रश्मिका ने कहा कि वह जल्द ही दोबारा जापान लौटेंगी और अगली बार ज्यादा वक्त वहां बिताएंगी. उन्होंने यह भी बताया कि अगली यात्रा सिर्फ काम के लिए नहीं, बल्कि लोगों और संस्कृति को करीब से समझने के लिए होगी.
यहां देखें पोस्ट

रश्मिका मंदाना ने शेयर किया पोस्ट
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि वह अगली बार जापान आने से पहले जापानी भाषा और बेहतर ढंग से सीखने की कोशिश करेंगी. जापान को धन्यवाद देते हुए उन्होंने लिखा कि वहां उन्हें हमेशा अपनापन और प्यार महसूस होता है. इससे पहले रश्मिका ने टोक्यो में हुए प्रमोशनल इवेंट की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की थीं, जिनमें वह अल्लू अर्जुन के साथ ‘पुष्पा 2’ का आइकॉनिक पोज देती नजर आईं. तस्वीरों के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा था, ‘थैंक यू टोक्यो’
गौरतलब है कि फिल्म की जापान रिलीज की घोषणा के समय भी रश्मिका ने सोशल मीडिया पर जापानी ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा था कि ‘पुष्पा’ अब दुनिया भर में अपनी आग फैला रही है.
About the Author

प्रांजुल सिंह 3.5 साल से न्यूज18 हिंदी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने Manorama School Of Communication (MASCOM) से जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वो 2.5 साल से एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही है…और पढ़ें
![]()










