Last Updated:
बॉलीवुड में देशभक्ति का नया अध्याय लिखने के लिए फिल्म ‘द रिटर्न ऑफ द आर्मी मैन’ तैयार है. मंगलवार को मुंबई में इस फिल्म का ट्रेलर और म्यूजिक लॉन्च किया गया, जिसमें ‘बाहुबली’ के खूंखार विलेन प्रभाकर और अभिनेता नय्यूम खान के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली. निर्देशक बाबू भट्ट की यह फिल्म भारतीय सेना के साहस को समर्पित है और इसकी कहानी असली सैन्य ऑपरेशंस से प्रेरित है.
नई दिल्ली. भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को सलाम करने वाली फिल्म ‘द रिटर्न ऑफ द आर्मी मैन’ का म्यूजिक और ट्रेलर मंगलवार को मुंबई के वेदा कुंबा थिएटर में लॉन्च किया गया. नय्यूम खान, मनोज जोशी, गोविंद नामदेव और शहबाज़ खान जैसे मंझे हुए कलाकारों से सजी इस फिल्म में ‘बाहुबली’ फेम प्रभाकर मुख्य खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म का निर्माण नय्यूम खान ने किया है और निर्देशन की कमान बाबू भट्ट ने संभाली है.
ट्रेलर में दिखे रोंगटे खड़े कर देने वाले डायलॉग्स
ट्रेलर में भरपूर एक्शन और ऐसे डायलॉग्स हैं जो दर्शकों के भीतर जोश भर देते हैं. फिल्म के हीरो नय्यूम खान का डायलॉग ‘तुम्हारे बाप का बाप टाइगर’ और एक्शन के दौरान बोली गई लाइन ‘हाथ के साथ कंधा भी उखाड़ देंगे’ ने लोगों की उत्सुकता को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है. इसके अलावा फिल्म का रोमांटिक गाना ‘हम तेरे हो गए’ भी दिखाया गया, जिसमें नय्यूम खान की एक्टिंग को काफी सराहा गया.
असली घटनाओं से प्रेरित है कहानी
फिल्म के प्रोड्यूसर और हीरो नय्यूम खान ने इस फिल्म को देश के जवानों को समर्पित किया है. उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी कहीं न कहीं पहलगाम मामले और ऑपरेशन सिंदूर से प्रेरित है. उन्होंने अपने परिवार और सीनियर अभिनेता शहबाज खान का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस सफर में उनका पूरा साथ दिया.
30 सालों का अनुभव रखने वाले निर्देशक बाबू भट्ट ने कहा कि यह एक ऐसी फिल्म है जो हर भारतीय में देशभक्ति का जज्बा जगाएगी. फिल्म की शूटिंग उदयपुर और मुंबई में महज 45 दिनों में पूरी की गई है. हिंदी के साथ-साथ इसे 3 अन्य भाषाओं में भी डब किया गया है. फिल्म का सीधा संदेश है- ‘देश पर बुरी नजर डालने वालों का अंजाम बहुत बुरा होगा.’
About the Author

Pratik Shekhar is leading the entertainment section in News18 Hindi. He has been working in digital media for the last 12 years. After studying from Makhanlal Chaturvedi National University of Journalism and Co…और पढ़ें
![]()










