दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। दुद्धी को अलग जिला बनाए जाने की मांग को लेकर जिला बनाओ संघर्ष मोर्चा ने शनिवार को कचहरी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान संघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने “जिला बनाओ, विकास कराओ” के नारे लगाए और कचहरी परिसर से जुलूस निकालते हुए तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में पहुंचे। यहां नारेबाजी के बीच संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी बी. एन. सिंह को ज्ञापन सौंपकर दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित किए जाने की मांग की।
इस आंदोलन के समर्थन में दुद्धी के अधिवक्ता भी न्यायिक कार्य से विरत रहे, जिससे प्रदर्शन को व्यापक समर्थन मिला। संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव, दुद्धी बार अध्यक्ष प्रेमचंद यादव, सिविल बार अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा, सत्यनारायण यादव, कुलभूषण पांडेय एवं अभिनव जायसवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि दुद्धी को जिला बनाए जाने की मांग बीते दो दशकों से लगातार उठाई जा रही है।

नेताओं ने कहा कि प्रत्येक चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा यह आश्वासन दिया जाता है कि सभी मानकों को पूरा करने वाला दुद्धी क्षेत्र सरकार बनने पर जिला बनाया जाएगा, लेकिन सत्ता में आने के बाद इन वादों को भुला दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से 2025 तक भाजपा सरकार ने जिला बनाए जाने के वादे पर क्षेत्र की जनता को केवल निराशा ही दी है।
संघर्ष मोर्चा के नेताओं ने कहा कि दुद्धी परिक्षेत्र भौगोलिक, प्रशासनिक एवं विकास संबंधी सभी मानकों को पूरा करता है, इसके बावजूद अब तक जिला नहीं बनाया जाना क्षेत्र के विकास में बड़ी बाधा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही दुद्धी को जिला बनाए जाने की घोषणा नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
![]()











