सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में खसरा एवं रूबेला जैसी संक्रामक बीमारियों से बच्चों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 16 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक व्यापक एमआर (मीजल्स-रूबेला) टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पी.के. राय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान जनपद के सभी सरकारी, निजी विद्यालयों एवं मदरसों सहित कुल 2430 शिक्षण संस्थानों में संचालित किया जाएगा।
अभियान के तहत कक्षा 1 से कक्षा 5 तक अध्ययनरत अनुमानित 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के कुल 2,10,612 बच्चों को एमआर वैक्सीन की डोज दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी विद्यालयों में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी बच्चों को सुरक्षित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप टीकाकरण करेंगे।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी सत्र स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में एमआर वैक्सीन, ऑटो-डिसेबल सीरिंज, एनाफाइलेक्सिस किट तथा आवश्यक लॉजिस्टिक सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही टीकाकरण के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम सतर्क रहेगी।
उन्होंने अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि खसरा और रूबेला जैसी बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय टीकाकरण है, इसलिए सभी बच्चों को निर्धारित तिथि पर टीका अवश्य लगवाएं। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की व्यापक निगरानी एवं पर्यवेक्षण की भी व्यवस्था की है, ताकि टीकाकरण कार्य सुचारू एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
![]()














