सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। जिलाधिकारी श्री बी0एन0 सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए टीडीएस कटौती संबंधी एक महत्वपूर्ण सेमीनार का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य विभिन्न कार्यालयों में टैक्स डिडक्टेड एट सोर्स (टीडीएस) की कटौती, मिलान और रिटर्न फाइलिंग की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं नियमित बनाना रहा।
सेमीनार में आयकर विभाग के अधिकारियों ने आहरण एवं वितरण अधिकारियों (डीडीओ) तथा संबंधित कर्मचारियों को विस्तार से जानकारी देते हुए निर्देशित किया कि कर्मचारियों के वेतन से टीडीएस की कटौती नियमित रूप से की जाए। स्पष्ट किया गया कि टीडीएस की कटौती एकमुश्त न करते हुए आवश्यकतानुसार लगभग 12 किस्तों में की जा सकती है, जिससे वित्तीय वर्ष के अंत में कर्मचारियों पर अतिरिक्त कर भार की स्थिति उत्पन्न न हो।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि टीडीएस रिटर्न की फाइलिंग निर्धारित समय-सीमा में नियमित रूप से की जानी अनिवार्य है। प्रत्येक तिमाही में टीडीएस कटौती का संबंधित अभिलेखों से मिलान (रिकन्सिलिएशन) करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी विवरण सही एवं अद्यतन हों। संबंधित डीडीओ यह सुनिश्चित करें कि जिन कर्मचारियों से टीडीएस की कटौती अपेक्षित है, उनकी कटौती अनिवार्य रूप से की जाए तथा आवश्यक प्रपत्र समय पर प्राप्त किए जाएं।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि आयकर अधिनियम में हुए हालिया परिवर्तनों के अनुसार वित्तीय वर्ष से संबंधित आयकर दरों एवं प्रावधानों में आवश्यक संशोधन लागू किए गए हैं। हालांकि, टीडीएस कटौती एवं रिटर्न फाइलिंग की मूल प्रक्रिया में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है, अतः पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही कार्यवाही की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी शासन के निर्देशों का अक्षरशः एवं कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, जिससे किसी प्रकार की वित्तीय अथवा विधिक जटिलता उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स इलाहाबाद श्री संजीव कुमार पांडे, इनकम टैक्स ऑफिसर इलाहाबाद (टीडीएस) श्री अंसल पांडे, वरिष्ठ कोषाधिकारी श्री इन्द्रभान सिंह, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर श्री शिव कुमार पांडे, श्री मिथुन कुमार, श्री आलोक कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()













