सीएसआर के तहत 28 विद्यालयों में तीन वर्ष तक ‘पाखी’ सैनिटरी पैड की निःशुल्क आपूर्ति
सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। महिला स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोमवार को ग्राम पीपरखड़ स्थित अवंतीबाई स्वयं सहायता समूह के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह पहल निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत की गई है, जिसका उद्देश्य किशोरियों में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है।
एमओयू के तहत एनसीएल द्वारा सिंगरौली एवं सोनभद्र जनपद के 28 विद्यालयों में तीन वर्ष की अवधि तक ‘पाखी’ सैनिटरी पैड की नियमित और निःशुल्क आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वित्तीय सहयोग प्रदान किया जाएगा। इस पहल से लगभग 8,000 छात्राओं को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा, जिससे वे मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को बेहतर तरीके से पूरा कर सकेंगी।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पीपरखड़ में ‘पाखी’ सैनिटरी पैड निर्माण इकाई की स्थापना एनसीएल झिंगुरदा परियोजना द्वारा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बीएचयू) वाराणसी के सहयोग से की गई है। इस इकाई का संचालन राष्ट्रीय आजीविका मिशन के अंतर्गत अवंतीबाई स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कर रही हैं। यहां महिलाओं को सेनेटरी पैड निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाता है, साथ ही मासिक धर्म से जुड़े मिथकों के प्रति जागरूक भी किया जाता है।
एनसीएल की इस पहल से जहां एक ओर छात्राओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छता का लाभ मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय महिलाओं को रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।
![]()












