सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद के युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का गौरवशाली अवसर एक बार फिर उपलब्ध हुआ है। अग्निवीर भर्ती रैली 2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत ऑनलाइन पंजीकरण 13 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 01 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 17 वर्ष 6 माह से 22 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी की जन्म तिथि 01 जुलाई 2005 से 01 जुलाई 2009 के मध्य होनी अनिवार्य है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता
अग्निवीर (सामान्य ड्यूटी) पद के लिए अभ्यर्थी का 10वीं/मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है, जिसमें कुल 45 प्रतिशत अंक तथा प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। जिन अभ्यर्थियों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस (एलएमवी/एचएमवी) है, उन्हें चालक पद के लिए वरीयता प्रदान की जाएगी।
अग्निवीर (तकनीकी) पद के लिए अभ्यर्थी का 10+2/इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय (भौतिकी, रसायन, गणित एवं अंग्रेजी) में न्यूनतम 50 प्रतिशत कुल अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने जनपद के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा के पथ पर अग्रसर हों। उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती होना न केवल सम्मान की बात है, बल्कि यह अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक भी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस वर्ष भी सोनभद्र के अधिक से अधिक युवा इस गौरवशाली अवसर को अपनाकर जिले का नाम रोशन करेंगे।
![]()











