अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। थाना अनपरा क्षेत्र में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस की सक्रियता से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। अज्ञात ठगों द्वारा जमीन बेचने के नाम पर बयाना राशि के रूप में ठगे गए ₹51,000/- को अनपरा पुलिस की साइबर टीम ने सफलतापूर्वक आवेदक के बैंक खाते में वापस करा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविन्द्र प्रताप सिंह पुत्र स्व. बृजनाथ सिंह निवासी अनपरा बाजार, थाना अनपरा, जनपद सोनभद्र के साथ 28 जनवरी 2026 को अज्ञात व्यक्तियों ने जमीन बेचने के नाम पर ₹51,000/- की साइबर ठगी कर ली थी। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध रोकथाम अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अनपरा सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में थाना अनपरा की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
साइबर टीम ने एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से प्रकरण का विश्लेषण करते हुए ₹9,835.41/- की धनराशि संबंधित खातों में होल्ड कराई। साथ ही आवश्यक साक्ष्य संकलित कर संबंधित बैंक शाखा से लगातार पत्राचार एवं समन्वय स्थापित किया गया। प्रभावी प्रयासों के फलस्वरूप आवेदक की ठगी गई संपूर्ण धनराशि ₹51,000/- उसके मूल बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने थाना अनपरा की साइबर टीम की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। धनराशि वापसी में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय एवं साइबर हेल्प डेस्क के हे0का0 आनन्द मोहन बिन्द का विशेष योगदान रहा।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी जैसे आधार, पैन, पासपोर्ट, बैंक खाता विवरण, नेट बैंकिंग पासवर्ड, ओटीपी आदि किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध क्यूआर कोड स्कैन करने से बचें। साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें अथवा निकटतम थाने से संपर्क करें।
![]()












