बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। सिंगरौली स्थित कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) को निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक अवार्ड–2025 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान कंपनी को स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार गुरुवार को मुंबई में आयोजित 20वें अंतर्राष्ट्रीय सीएसआर कॉन्फ्रेंस के दौरान “निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व – राष्ट्रीय श्रेणी” में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में एनसीएल की ओर से निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार ने पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री राजीव रंजन सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दौरान निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार ने एनसीएल के परिचालन क्षेत्रों में संचालित प्रमुख सीएसआर पहलों की विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि कंपनी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल व्यवस्था, सामुदायिक भवन निर्माण, महिला स्वावलंबन और युवाओं के कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में दीर्घकालिक और सतत प्रभाव वाले कार्य कर रही है, जिससे स्थानीय समुदायों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
एनसीएल की इस उपलब्धि पर कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री बी. साईराम, निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार, निदेशक (वित्त) श्री रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी) श्री आशुतोष द्विवेदी तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्री अजय कुमार जायसवाल ने टीम एनसीएल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनसीएल ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ परिधीय क्षेत्रों के सामाजिक एवं समावेशी विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि गोल्डन पीकॉक अवार्ड्स इंस्टीट्यूट ऑफ डायरेक्टर्स, इंडिया द्वारा सीएसआर सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर प्रदान किए जाते हैं। यह सम्मान एनसीएल की सामाजिक प्रतिबद्धता और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण का प्रमाण है।
![]()












