सोनभद्र / एबीएन न्यूज। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के क्रम में आज जनपद पंचायत रिसोर्स सेंटर, विकास भवन सोनभद्र में वृहद मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश श्री राम सुलीन सिंह, अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री आलोक यादव, अपर जिलाधिकारी श्री रमेश चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन कुमार, एलडीएम बैंक श्री सलन बागे, भारतीय स्टेट बैंक के प्रतिनिधि श्री सौरभ श्रीवास्तव सहित एलएडीसीएस अधिवक्तागण, मध्यस्थ अधिवक्ता, पराविधिक स्वयंसेवक, अधिकार मित्र, पैनल अधिवक्तागण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में लगभग 750 लोगों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा चिन्हित 192 लाभार्थियों को माननीय जनपद न्यायाधीश के करकमलों द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मेगा शिविरों का उद्देश्य आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना एवं पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।

शिविर में दिव्यांग कल्याण विभाग द्वारा 5 लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल, 2 को कान की मशीन, 2 को स्मार्ट केन तथा 1 को लेप्रोसी किट वितरित की गई। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा 12 लाभार्थियों को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कृषि विभाग द्वारा 8, जिला नगरीय विकास अभिकरण द्वारा 10, दुग्धशाला विकास विभाग द्वारा 5 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत 14 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए। जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा 8, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 5 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। उप श्रमायुक्त विभाग द्वारा 7 लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।

उद्योग विभाग द्वारा 10 लाभार्थियों को चेक वितरण किया गया तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को राज्य मिस्त्री टूल किट प्रदान की गई। विभिन्न बैंकों द्वारा 12 लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा 5 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई तथा कुष्ठ रोगियों को इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाखा सोनभद्र द्वारा गोद लेकर पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया गया। राजस्व एवं विद्युत विभाग द्वारा भी 5-5 लाभार्थियों को लाभ वितरण किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सचिव द्वारा मेगा शिविर के सफल आयोजन हेतु समस्त प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उपस्थित लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।
![]()












