सोनभद्र / एबीएन न्यूज। निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत रविवार को जनपद सोनभद्र के चारों विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा जनसामान्य एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की उपस्थिति में ड्राफ्ट मतदाता सूची का वाचन किया गया। इस दौरान उपस्थित मतदाताओं से अपील की गई कि वे सूची को ध्यानपूर्वक सुनें, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही रूप में मतदाता सूची में दर्ज हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत विधानसभा रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने राजा महेश इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज स्थित बूथ संख्या 21, 22, 23, 24, 25 एवं 26 का निरीक्षण किया, जहां बीएलओ द्वारा आलेख्य निर्वाचक नामावली को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ संपन्न कराया जाए।
जनपद के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा अपने-अपने मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची का वाचन किया गया। इस दौरान संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) द्वारा प्रत्येक बूथ पर फार्म-6, 7, 8 एवं घोषणा पत्र की उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई।
अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं है, वे नए पंजीकरण हेतु फार्म-6 एवं घोषणा पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं। मतदाता सूची से नाम अपमार्जन के लिए फार्म-7 तथा नाम, पते या अन्य प्रविष्टियों में संशोधन अथवा स्थानांतरण के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।

जनसामान्य की सुविधा के लिए आलेख्य मतदाता सूची की पीडीएफ प्रति जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड की गई है, ताकि मतदाता घर बैठे भी अपने नाम का सत्यापन कर सकें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि, दावा या आपत्ति हो तो संबंधित प्रपत्रों में पूर्ण विवरण भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित बीएलओ को जमा करने की व्यवस्था की गई है।
विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी, ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं अन्य नामित अधिकारियों द्वारा विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर निरीक्षण एवं समीक्षा की गई। कई विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में बनाए गए बूथों पर सूची का वाचन कराया गया, जहां जनसामान्य एवं बूथ लेवल एजेंटों की सक्रिय उपस्थिति रही।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए वे अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहें तथा समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम सत्यापित कर आवश्यक संशोधन कराएं।
![]()












