म्योरपुर/सोनभद्र / एबीएन न्यूज। थाना म्योरपुर क्षेत्र के ग्राम किरवानी में मिट्टी का टीला धंसने से महिलाओं के दबने की घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने घटना स्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार कुछ महिलाएं मिट्टी निकालने के दौरान अचानक टीला धंसने से उसके नीचे दब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, राजस्व टीम और आपदा राहत दल को सक्रिय किया गया।
एसपी ने बताया कि रेस्क्यू टीम द्वारा जेसीबी मशीन एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से सावधानीपूर्वक मिट्टी हटाकर दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। उन्होंने कहा कि राहत कार्य पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित विभागों को दिए जाएंगे। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। घटना के दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल एवं ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। क्षेत्र में एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है।
![]()












