Last Updated:
भारतीय सिनेमा के इतिहास में ऐसी कई कहानियां हैं, जहां एक ही परिवार के लोगों ने पर्दे पर जादू बिखेरा है. एक दौर ऐसा भी आया जब तीन सगे भाइयों की तिकड़ी ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया. इसमें से एक भाई ने कैमरे के पीछे रहकर निर्देशन की कमान संभाली, तो बाकी दो भाइयों ने अपनी बेमिसाल अदाकारी और स्क्रीन प्रेजेंस से दर्शकों का दिल जीत लिया. जब इन तीनों का टैलेंट एक साथ एक ही फिल्म में मिला, तो सिनेमाघरों के बाहर लंबी कतारें लग गईं. मुनाफे के मामले में इस फिल्म ने लागत से चार गुना ज्यादा नोट बटोरकर फिल्म जगत में एक नई मिसाल कायम की.
नई दिल्ली: बॉलीवुड में ‘खान ब्रदर्स’ यानी सलमान, अरबाज और सोहेल खान की बॉन्डिंग किसी से छुपी नहीं है. लेकिन आज से करीब 28 साल पहले साल 1998 में इस तिकड़ी ने एक ऐसा धमाका किया था, जिसकी गूंज आज भी हिंदी सिनेमा में सुनाई देती है. हम बात कर रहे हैं फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ की.

यह सिर्फ एक फिल्म नहीं थी, बल्कि खान परिवार का एक ऐसा जुनून था. जिसने बॉक्स ऑफिस के सारे समीकरण बदल दिए थे. इस फिल्म की सबसे खास बात यह थी कि पर्दे के पीछे और पर्दे के सामने कमान पूरी तरह खान भाइयों के हाथ में थी. सोहेल खान ने निर्देशन की कुर्सी संभाली और एक ऐसी कहानी लिखी, जो रोमांस और फैमिली ड्रामा का परफेक्ट मिक्स थी.

सलमान खान लीड हीरो थे, तो वहीं अरबाज खान ने काजोल के बड़े भाई के रूप में एक सख्त लेकिन प्यार करने वाले ठाकुर की भूमिका निभाई. बड़े पर्दे पर दोनों भाइयों के बीच की नोक-झोंक और फिर गहरा प्यार दर्शकों के दिल को छू गया.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इस फिल्म की सफलता का एक बहुत बड़ा क्रेडिट इसके म्यूजिक को जाता है. क्या आपको याद है वो दौर जब हर शादी और फंक्शन में ‘ओ ओ जाने जाना’ बजता था? सलमान खान का शर्टलेस होकर गिटार बजाना उस दौर में एक बहुत बड़ा ट्रेंड बन गया था.

जतिन-ललित, साजिद-वाजिद और हिमेश रेशमिया जैसे दिग्गजों ने मिलकर फिल्म के गानों को सजाया था. ‘ओ ओ जाने जाना’ ने सलमान को ‘पोस्टर बॉय’ बना दिय. ‘तुम पर हम हैं अटके’ और ‘ओ बेबी डोंट ब्रेक माय हार्ट’ आज भी पार्टी मिक्स का हिस्सा होते हैं. गानों की लोकप्रियता का आलम यह था कि फिल्म रिलीज होने से पहले ही इसके ऑडियो कैसेट रिकॉर्ड तोड़ बिक चुके थे.

बिजनेस की बात करें तो उस दौर में इस फिल्म का बजट करीब 7 से 8 करोड़ रुपये के आसपास था. लेकिन जब फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई, तो इसने जो तहलका मचाया वो देखने लायक था. फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 33 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस किया था.

उस समय के हिसाब से बजट से चार गुना से भी ज्यादा की कमाई करना किसी करिश्मे से कम नहीं था. फिल्म उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में टॉप पर रही थी. इस फिल्म की खूबसूरती इसकी सादगी में थी. गांव की गोरी (काजोल), सख्त भाई (अरबाज) और शहर से आया एक मनमौजी लड़का (सलमान).

फिल्म में कोई बहुत बड़े विलेन या मार-धाड़ वाली मशीनरी नहीं थी, बस जज्बात थे. धर्मेंद्र पाजी ने फिल्म में चाचा का रोल निभाकर चार चांद लगा दिए थे. आज भी जब यह फिल्म टीवी पर आती है, तो लोग रिमोट छोड़कर बैठ जाते हैं. खान भाइयों ने साबित कर दिया था कि अगर नीयत साफ हो और भाई साथ हों, तो बॉक्स ऑफिस पर जीतना मुश्किल नहीं है.
![]()










