अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद पुलिस को मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी टीम सोनभद्र की संयुक्त कार्रवाई में अन्तर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से लगभग 1.5 कुंटल अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। संयुक्त टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए अभियुक्त को धर दबोचा। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसे अंतर्राज्यीय स्तर पर तस्करी कर सप्लाई किए जाने की आशंका है।
अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सोनभद्र अनिल कुमार ने बताया कि बरामद गांजा की मात्रा लगभग डेढ़ कुंटल है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में तस्करी के अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं और इस संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि तस्करी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। जनपद पुलिस ने दोहराया कि मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
![]()











