लखनऊ / एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल अंतर्गत लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ऐतिहासिक धरोहर के रूप में हैरिटेज स्टीम इंजन ‘ऐरावत’ को कैबवे क्षेत्र में स्थापित किया गया है। यह विंटेज इंजन स्टेशन परिसर की सुंदरता को बढ़ाने के साथ-साथ यहां आने-जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।
स्टेशन के कैबवे साइड पर स्थापित इस ऐतिहासिक इंजन को देखने के लिए यात्रियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्टेशन पर आने वाले यात्री रेलवे की इस पुरानी विरासत को करीब से देख रहे हैं और इसकी तस्वीरें अपने कैमरों और मोबाइल फोन में कैद कर रहे हैं। रेलवे की इस पहल को यात्रियों द्वारा सराहा भी जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह विंटेज स्टीम लोकोमोटिव वर्ष 1926 में नौतनवा ब्रांच लाइन की लगभग 14 मील लंबी नैरो गेज ट्राम लाइन पर संचालित किया जाता था। यह इंजन लक्ष्मीपुर स्टेशन से नागवा और सोनारी जंगल की ओर जाने वाली लाइन पर चलाया जाता था और मुख्य रूप से वन उत्पादों के परिवहन में उपयोग किया जाता था।
बताया जाता है कि इस इंजन ने कई दशकों तक अपनी सेवाएं दीं और वर्ष 1982-83 में इस लाइन के परिचालन बंद होने तक इसका उपयोग किया जाता रहा। इस ऐतिहासिक स्टीम इंजन का निर्माण इंग्लैंड की प्रसिद्ध जॉन फाउलर कंपनी द्वारा किया गया था।
रेलवे द्वारा इस ऐतिहासिक इंजन को स्टेशन परिसर में स्थापित करने का उद्देश्य यात्रियों को भारतीय रेलवे की पुरानी विरासत और इतिहास से जोड़ना है। इससे न केवल स्टेशन की खूबसूरती बढ़ी है, बल्कि यह आने वाले यात्रियों के लिए एक यादगार स्थल भी बन गया है।
![]()














