सीएम शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) को दो नई टाउनशिप विकसित करने के लिए शासन ने 150 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। बीडीए इसके लिए 12 गांवों की भूमि का अधिग्रहण करेगा। योजना साकार होने से आवासीय संकट से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश सरकार ने इस योजना के तहत आठ शहरों को 425 करोड़ रुपये जारी करने का निर्णय लिया है। इसमें बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के हाथ सबसे बड़ा हिस्सा लगा है। कैबिनेट से मिली मंजूरी के बाद अब बीडीए दोनों टाउनशिप के लिए जमीन की व्यवस्था करने की प्रक्रिया तेज करेगा।
इन गांवों की जमीन का होगा अधिग्रहण
योजना के तहत आसपुर, खूबचंद, अडूपुरा, जागीर, अहिलादपुर, बरकापुर, कुम्हरा, कलापुर, मोहरनियां, नवदिया, कुर्मियांन और हरहरपुर आदि गांवों की भूमि ली जानी है। शासन से मिली यह धनराशि प्राधिकरण को अधिकतम 20 साल के लिए दी गई है। इसका मुख्य उद्देश्य नए शहर को बसाने के लिए जमीन जुटाने में आने वाली आर्थिक बाधाओं को दूर करना है। इन टाउनशिप के विकसित होने से न केवल शहर का दायरा बढ़ेगा, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से लैस सुनियोजित आवासीय विकल्प भी उपलब्ध होंगे।










