बदायूं के बिसौली कस्बे में घरेलू गैस सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने के लिए बुधवार को सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लग गई, लेकिन पर्याप्त गैस सिलिंडर उपलब्ध न होने के कारण कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। बदायूं शहर में भी गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भीड़ रही।
बुधवार को जैसे ही गैस एजेंसी खुली, बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर लेने के लिए पहुंच गए। भीड़ इतनी अधिक थी कि एजेंसी परिसर के बाहर तक लोगों की कतार लग गई। घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद कई उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल सकी, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
नियमित आपूर्ति कराने की मांग
उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से कस्बे में घरेलू गैस की किल्लत बनी हुई है। समय पर सिलिंडर नहीं मिलने से घरों में खाना बनाने में दिक्कतें हो रही हैं। खासकर महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और गैस एजेंसी संचालकों से मांग की है कि कस्बे में घरेलू गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना न करना पड़े।











