सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी आशुतोष चौधरी ने जानकारी दी है कि पूर्व सैनिकों के सम्मान और उनके कल्याण के उद्देश्य से 13 एवं 14 मार्च 2026 को पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 39 Gorkha Training Centre के तत्वावधान में Varanasi स्थित स्टेशन हेडक्वार्टर में आयोजित किया जाएगा।
इस समारोह में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा दिवंगत सैनिकों की विधवाओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी देने के लिए कई स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
समारोह में स्पर्श आउटरीच स्टॉल, पेंशन ग्रीवांस स्टॉल, ईसीएचएस योजना, मेडिकल कैम्प, रिकॉर्ड ऑफिस कैम्प और जॉब फेयर जैसे स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार अवसरों और अन्य सुविधाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास भी किया जाएगा।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान वीर नारियों, वरिष्ठ पूर्व सैनिकों और दिवंगत सैनिकों की विधवाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। यह समारोह पूर्व सैनिकों के योगदान को याद करने और उनके कल्याण से जुड़ी योजनाओं को उनके बीच पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
जनपद के पूर्व सैनिकों की सुविधा के लिए आयोजन समिति की ओर से बस की व्यवस्था भी की गई है। यह बस 13 मार्च 2026 को सुबह 7:00 बजे बढ़ौली चौराहा, राबर्ट्सगंज से वाराणसी के लिए प्रस्थान करेगी और शाम 5:00 बजे कार्यक्रम में शामिल पूर्व सैनिकों को वापस बढ़ौली चौराहा, राबर्ट्सगंज छोड़ देगी। पूर्व सैनिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस पुनर्मिलन समारोह में शामिल होकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
![]()













