सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान 13 मार्च को सर्किट हाउस सभागार में जनसुनवाई करेंगी। इस दौरान महिलाओं से संबंधित शिकायतों को सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जाएंगे। अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल के अनुसार, राज्य मंत्री स्तर का दर्जा प्राप्त आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान 12 मार्च की रात्रि में जनपद आगमन करेंगी और चुर्क सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 13 मार्च 2026 को सुबह 9:30 बजे वह जिला महिला चिकित्सालय सोनभद्र में आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद सर्किट हाउस सभागार में महिला उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणों की जनसुनवाई करेंगी और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगी। कार्यक्रम के दौरान सर्किट हाउस सभागार में महिलाओं के सम्मान में गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें आयोग की अध्यक्ष मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगी।
इसके पश्चात डॉ. बबिता सिंह चौहान वैष्णो माता मंदिर डाला में दर्शन और पूजन करेंगी। साथ ही वह जिला कारागार सोनभद्र स्थित महिला बंदीगृह का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगी। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जनसुनवाई के दौरान आने वाली शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
![]()













