अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। Hindalco Industries Limited रेनुसागर के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा टीटीएमडीसी कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित स्वावलम्बन कार्यक्रम के अंतर्गत 104 ग्रामीणों को विभिन्न उपकरण एवं प्रमाण पत्र वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ते हुए उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त 20 महिलाओं को सिलाई मशीनें प्रदान की गईं, जबकि कृषि कार्य को प्रोत्साहित करने के लिए 11 समूहों को स्प्रे मशीन दी गई। इसके अलावा 7 खेल टीमों को वॉलीबॉल नेट, 12 विद्यालयों को दरी तथा स्थानीय गायन एवं वादन समिति को म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट उपलब्ध कराए गए। साथ ही कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त 15 विद्यार्थियों को बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि यूनिट हेड R P Singh, मानव संसाधन विभाग के प्रमुख Ashish Pandey, डॉ. मुकुल बिंदा तथा विभिन्न विद्यालयों की प्रधानाचार्याओं और शिक्षकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज रेनुसागर के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि आर. पी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्वावलम्बन ही ग्रामीण समाज की मजबूती का आधार है। उन्होंने कहा कि संस्थान अपने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। कंपनी की सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और स्वावलम्बन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के बाद एचआर हेड आशीष पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि संस्थान केवल एक औद्योगिक इकाई ही नहीं बल्कि क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास का महत्वपूर्ण भागीदार भी है। इससे पूर्व ग्रामीण विकास विभाग के प्रभारी संजीव श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया और विभाग द्वारा क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजनाथ यादव और सीएसआर टीम के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर टीटीएमडीसी प्रभारी अनिल शर्मा, आलिंद तिवारी, सुधीर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
![]()













