06:15 AM, 16-Mar-2026
ईरानी नौसेना प्रमुख ने खर्ग द्वीप पर हमले की चेतावनी दी
ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) के नौसेना प्रमुख अलीरेजा तांगसिरी ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका खर्ग द्वीप, ईरान पर हमला करता है, तो यह विश्व स्तर पर ऊर्जा की कीमतों और वितरण के लिए नया और कठोर समीकरण खड़ा करेगा। उनकी यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति के हालिया खतरों के बाद आई है, जिन्होंने खर्ग द्वीप पर हमले की चेतावनी दी थी। यह द्वीप ईरान के तेल निर्यात के मुख्य टर्मिनल का घर है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान अपनी ऊर्जा सुविधाओं पर किसी भी हमले का जवाब देगा। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति की टिप्पणियों की भी निंदा की और कहा यह एक अवैध युद्ध है जिसमें कोई जीत नहीं है। लोग सिर्फ इसलिए मारे जा रहे हैं क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप मजे के लिए ऐसा कर रहे हैं।
06:13 AM, 16-Mar-2026
सऊदी अरब ने पूर्वी प्रांत में 6 ड्रोन नष्ट किए
सऊदी अरब के सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उनके सुरक्षा बलों ने पूर्वी प्रांत में छह ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। मंत्रालय ने कहा कि हर तरह की सतर्कता बरती जा रही है ताकि नागरिकों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
06:02 AM, 16-Mar-2026
दुबई एयरपोर्ट के पास ड्रोन से आग
दुबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के आसपास एक ड्रोन से संबंधित घटना के कारण आग लग गई है। दुबई सरकार मीडिया कार्यालय ने ट्वीट किया कि स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर प्रतिक्रिया दे रहा है और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं ताकि किसी की सुरक्षा को खतरा न पहुंचे।
05:30 AM, 16-Mar-2026
बहरीन में एयर रेड सायरन बजाए गए
इसी बीच बहरीन के गृह मंत्रालय ने जानकारी दी कि पूरे देश में एहतियात के तौर पर एयर रेड सायरन सक्रिय किए गए हैं। सरकार ने नागरिकों और वहां रहने वाले विदेशी निवासियों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, नजदीकी सुरक्षित स्थान पर जाएं और आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करें।
05:15 AM, 16-Mar-2026
बगदाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हमला
एक सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक बगदाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित लॉजिस्टिक सपोर्ट कैंप को ड्रोन और पांच कत्युशा रॉकेटों से निशाना बनाया गया। बताया गया कि इससे पहले हुए इसी तरह के हमले में पांच लोग घायल हो चुके हैं।
04:49 AM, 17-Mar-2026
मैक्रों और पेजेशकियन के बीच बातचीत
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच फोन पर बातचीत भी हुई। मैक्रों ने बयान जारी कर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता जल्द बहाल की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए एक नया राजनीतिक और सुरक्षा ढांचा जरूरी है।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि मौजूदा हालात में बढ़ती सैन्य गतिविधियां पूरे क्षेत्र को अराजकता की ओर धकेल सकती हैं, जिसका असर आने वाले वर्षों तक पड़ सकता है।
04:24 AM, 16-Mar-2026
इराक में कुर्द विपक्षी संगठन के ठिकाने पर मिसाइल हमला
रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी इराक के कुर्द अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र के सुलेमानिया शहर के ज़रग्वेज इलाके में ईरानी कुर्द विपक्षी संगठन कोमाला के एक ठिकाने पर तीन मिसाइलें दागी गईं। पार्टी के वरिष्ठ सदस्य अली रंजबारी ने स्थानीय मीडिया से बातचीत में बताया कि हमले के बावजूद उस स्थान को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।
04:05 AM, 16-Mar-2026
ब्रिटिश पीएम की ट्रंप से बातचीत
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कियर स्टार्मर ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की आवश्यकता पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से चर्चा की। डाउनिंग स्ट्रीट की एक प्रवक्ता के अनुसार, दोनों नेताओं ने जलमार्ग के बंद होने से वैश्विक शिपिंग पर पड़ रहे प्रभाव पर बात की। स्टार्मर ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से भी स्थिति के आर्थिक प्रभावों पर चर्चा की। दोनों नेता सोमवार को निर्धारित बैठक में पश्चिम एशिया संघर्ष और सुरक्षा उपायों पर आगे चर्चा करने पर सहमत हुए।
03:46 AM, 16-Mar-2026
हॉर्मुज जलडमरूमध्य के लिए अंतरराष्ट्रीय गठबंधन की तैयारी
अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन इस सप्ताह घोषणा कर सकता है कि कई देशों ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाली जहाजों की सुरक्षा के लिए एक अंतरराष्ट्रीय गठबंधन बनाने पर सहमति जताई है। गठबंधन का उद्देश्य महत्वपूर्ण जलमार्ग पर नौवहन को सुरक्षित करना और क्षेत्रीय तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय व्यापार को सुचारू बनाए रखना है।
03:21 AM, 16-Mar-2026
दक्षिणी लेबनान में इस्राइली हवाई हमले: 5 की मौत, 7 घायल
लेबनान की आधिकारिक नेशनल न्यूज एजेंसी ने रिपोर्ट दी है कि दक्षिणी लेबनान में इस्राइली हवाई हमलों में अब तक 5 लोग मारे गए और 7 अन्य घायल हुए हैं। लेबनान स्वास्थ्य मंत्रालय के आपातकालीन केंद्र ने बताया कि माज्दाल सेल्म शहर पर हुए हमले में दो लोग मारे गए, जबकि ऐतित पर हुए एक अन्य हवाई हमले में तीन और लोग घायल हुए।












