सोनभद्र/एबीएन न्यूज। Sonbhadra में केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रदेश भर के लगभग 90 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में करीब एक हजार करोड़ रुपये की अनुदान धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से बटन दबाकर स्थानांतरित की।
मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहां उपस्थित लाभार्थियों और अधिकारियों ने कार्यक्रम को देखा और मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर सदर विधायक Bhupesh Chaubey, जिलाधिकारी बी.एन. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला तथा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती रूबी प्रसाद ने लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए।

सदर विधायक भूपेश चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi का संकल्प है कि देश के प्रत्येक गरीब परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराई जाए। उसी संकल्प को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत लाभार्थियों के खातों में मुख्यमंत्री द्वारा डीबीटी के माध्यम से अनुदान राशि भेजी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि अब कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान में रहने को मजबूर न रहे।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने बताया कि जनपद सोनभद्र के नगर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3791 लाभार्थियों के बैंक खातों में धनराशि स्थानांतरित की गई है। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र गरीब परिवारों को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है, जिससे उन्हें पक्की छत का सपना पूरा करने में मदद मिल सकेगी।

जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जनपद में सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है, ताकि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ मिल सके। कार्यक्रम का सफल संचालन परियोजना निदेशक डूडा सुधांशु शेखर शर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि और लाभार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
![]()













