लखनऊ/एबीएन न्यूज। राजधानी Lucknow में North Eastern Railway के लखनऊ मंडल द्वारा रेलवे में कार्यरत महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित बहुउद्देश्यीय सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिला अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में North Eastern Railway Women’s Welfare Organization लखनऊ की अध्यक्षा श्रीमती श्रुति गुप्ता, सचिव श्रीमती स्मृति सचान तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्रीमती नीतू सहित संगठन की पदाधिकारी और सदस्याएं तथा रेलवे की महिला अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत महिला कर्मचारियों द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति से हुई। इसके पश्चात महिला प्रतिभागियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कविता पाठ, गायन, नाट्य प्रस्तुति, समूह नृत्य, एकल नृत्य, हास्य प्रस्तुति के साथ-साथ कई मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बना रहा।

इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती श्रुति गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संस्था की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल में महिलाएं विभिन्न जिम्मेदारियों को निभाते हुए महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं और अपनी कार्यक्षमता से संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी सहयोग और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपनी रचनात्मकता और कला का प्रदर्शन करने का मंच मिलता है, जिससे उनका मनोबल भी बढ़ता है।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षा श्रीमती श्रुति गुप्ता ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला प्रतिभागियों को सम्मानित और पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों की उपस्थिति रही और सभी ने इस आयोजन की सराहना की।
![]()













