लखनऊ/एबीएन न्यूज। Northeastern Railway के लखनऊ मंडल में मंडल रेल प्रबंधक Gaurav Agrawal के मार्गदर्शन में राजभाषा बैठक के अंतर्गत ऐशबाग स्थित रेलवे पॉली क्लीनिक में स्वास्थ्य जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का उद्देश्य रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों को मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय तिवारी ने टाइफाइड बुखार तथा गर्मियों के मौसम में फैलने वाली विभिन्न बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है और छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।

डॉ. तिवारी ने “स्वच्छ जल, स्वच्छ भोजन” के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि दूषित पानी और अस्वच्छ भोजन से टाइफाइड समेत कई संक्रामक बीमारियां फैलती हैं। उन्होंने रेलकर्मियों को स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार लेने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजना सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद रेलकर्मियों ने स्वास्थ्य जागरूकता बैठक की सराहना करते हुए इसे उपयोगी और जनहितकारी पहल बताया। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की जागरूकता बैठकों से कर्मचारियों और उनके परिवारों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है, जिससे वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं।
![]()














