सोनभद्र/एबीएन न्यूज। सोनभद्र के जिलाधिकारी B. N. Singh ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में नवीन व्यवस्था के अंतर्गत सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने सभी विभागों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के बैंक खातों को खोलने तथा उन्हें ऋण उपलब्ध कराने की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि समूहों को समय पर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश देते हुए कहा कि छात्रवृत्ति योजना से संबंधित छात्रों के आवेदन पत्र विद्यालयों से शीघ्र अग्रसारित कराए जाएं और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी लोन योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग और एलडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि योजना के लाभार्थियों की पत्रावलियों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि युवाओं को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।

जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों, लाभार्थीपरक योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति में तेजी लाई जाए। यदि किसी विभाग द्वारा लापरवाही बरती जाती है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उच्चाधिकारियों को विभागीय कार्रवाई के लिए पत्राचार किया जाएगा।
बैठक में जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतपाल वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र वीर सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए एस.के. राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()














