वाराणसी जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि के अलर्ट के बीच काशी में भी शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ रिमझिम बारिश हुई। सुबह से आसमान में काले बादल छाए रहे। इस दौरान तेज हवा के बीच बारिश शुरू हुई।
मौसम विभाग ने जिले को ऑरेंज अलर्ट में रखा है। इधर, शुक्रवार की सुबह से चली हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुई। खेत में गेहूं की फसल खराब होने की आशंका में किसान भी चिंतित हैं।
इधर, बारिश ने शहरियों को गर्मी से राहत तो दी लेकिन दूसरी ओर रोहनिया और मोहनसराय के कई गांवों के खेतों में गेहूं की फसलें गीली हो गईं। बारिश के साथ तेज हवा बही। सुबह से बनारस स्टेशन, शिवपुर, सिंधौरा, रामनगर, कैंट, लंका, अस्सी, मंडुआडीह, मैदागिन आदि सभी इलाकों में रिमझिम बारिश होती रही।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे…दो लोगों की मौत, गंगा किनारे मिले शव की हुई शिनाख्त; खबरें
मौसम विभाग के अनुसार, आज दिनभर तेज झोंकेदार हवाएं चलेंगी और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश भी होती रहेगी। यह अलर्ट फिलहाल केवल आज के लिए जारी किया गया है, लेकिन शनिवार और रविवार को भी मौसम के बदले रहने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
![]()











