रायबरेली/एबीएन न्यूज। बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद रायबरेली में गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। शहर के डिग्री कॉलेज चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस से जोरदार धक्का-मुक्की हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा नेता और ब्लॉक प्रमुख पियूष सिंह ने किया, जो प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के पुत्र हैं। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नेता लगातार अशोभनीय भाषा का प्रयोग कर देश की गरिमा और प्रधानमंत्री पद का अपमान कर रहे हैं।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि राहुल गांधी ने अपनी भाषा पर नियंत्रण नहीं रखा तो भाजपा कार्यकर्ता देशव्यापी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। पुलिस ने भारी फोर्स की तैनाती कर स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया। हालांकि घटना के बाद शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।