सोनभद्र/कोन/एबीएन न्यूज। आज दिनांक 28 अगस्त 2025 को विकासखण्ड कोन के बोकराखड़ी क्षेत्र कुड़वा में “मेरा रेशम मेरा अभिमान” के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य तसर भोज्य पौधों के रोग एवं कीट नियंत्रण विषय पर किसानों को जानकारी देना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निगाई ग्राम सभा के ग्राम प्रधान पति श्री विनोद गुप्ता थे। मुख्य वक्ता डॉ. हरेंद्र यादव, वैज्ञानिक, डी.सी.टी. एंड टी.आई., नागड़ी (रांची) ने किसानों को विधिवत तकनीकी जानकारी प्रदान की।
राज्य रेशम विभाग सोनभद्र के सहायक निदेशक रेशम श्री नागेन्द्र राम ने चौकी कीटपालन, समिति गठन और बहुउद्देशीय कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भविष्य में समितियों को सशक्त बनाकर रेशम से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। साथ ही तसर कोया उत्पादन, कीटाण्ड़ उत्पादन और धागाकरण से रोजगार सृजन में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
ग्राम प्रधान पति श्री विनोद गुप्ता ने आश्वासन दिया कि ग्राम निगाई में उपलब्ध अर्जुन एवं आसान के पेड़ों पर तसर कीटपालन से महिलाओं को जोड़ा जाएगा और इसके लिए एक नई समिति का गठन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में लगभग 35 कृषकों ने प्रतिभाग किया। सभी कीटपालकों को आगे कीटपालन कार्य में सहयोग के लिए कैची का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्री सुरेश कुमार, सहायक रेशम विकास अधिकारी ने किया। इस प्रकार “मेरा रेशम मेरा अभिमान” का सफल आयोजन किसानों के लिए जानकारीपूर्ण और प्रेरणादायी साबित हुआ।