इंडोनेशिया के बोर्नियो द्वीप पर सोमवार को एक बड़ा हादसा हुआ। आठ लोगों को लेकर जा रहा एक हेलीकॉप्टर अचानक उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही लापता हो गया। एयरबस बीके117 डी-तीन मॉडल का यह हेलीकॉप्टर ईस्टिंडो एयर कंपनी का था। ये दक्षिण कालिमंतान प्रांत के कोटाबारू जिले के हवाई अड्डे से उड़ा था और इसे मध्य कालिमंतान के पालतांगकराया शहर पहुंचना था। लेकिन उड़ान भरने के केवल आठ मिनट बाद ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल से इसका संपर्क टूट गया।
अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर का आखिरी संपर्क सुबह 08:54 बजे हुआ था। इसे पालतांगकराया शहर सुबह 10:15 बजे पहुंचना था। लेकिन उससे पहले ही इसका लोकेशन मिलना बंद हो गया। हेलीकॉप्टर में एक पायलट, एक इंजीनियर और छह यात्री सवार थे। प्रशासन ने आशंका जताई कि यह हेलीकॉप्टर तनाहबुम्बू जिले के मांटवे जंगल क्षेत्र में गायब हुआ है।
ये भी पढ़ें- रूस पर विमान का रडार जाम करने के गंभीर आरोप, फ्लाइट में ईयू के नेता थे सवार; जानिए मामला
दोपहर को मिली लापता होने की सूचना
बांजरमासिन सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के प्रमुख आई पुतु सुदायना ने कहा कि एजेंसी को हेलीकॉप्टर के गायब होने की सूचना दोपहर 12:02 बजे मिली। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों को अलर्ट किया गया और खोज अभियान शुरू किया गया। फिलहाल टीमों ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में तलाश शुरू कर दी है।
बचाव अभियान में झोंकी ताकत
सुदायना ने कहा कि बचाव के लिए जमीनी दल और हवाई दल दोनों को भेजा गया है। आग बुझाने वाले एक विशेष हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल भी सर्च ऑपरेशन में किया जा रहा है। कठिन इलाकों में अभियान चलाने के कारण टीमों को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही हेलीकॉप्टर और यात्रियों का पता चल सकेगा।
ये भी पढ़ें- पीओके में क्रैश हुआ पाकिस्तानी सेना का हेलिकॉप्टर; दो अधिकारियों समेत पांच जवानों की हुई मौत
यात्रियों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद
स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियों ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। सुदायना ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षित वापसी है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि आज ही हेलीकॉप्टर का लोकेशन मिल जाएगा और सभी यात्री सुरक्षित होंगे। इस घटना के बाद क्षेत्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने भी अलर्ट जारी कर दिया है।











