सोनभद्र/एबीएन न्यूज। महिला कल्याण विभाग, लखनऊ उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार “संकल्प हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमेन” के अंतर्गत सितंबर माह में चल रहे 10 दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम की श्रृंखला में आज दिनांक 08 सितंबर 2025 को करमा ब्लॉक के सेंट जेआरएफ पब्लिक स्कूल, मधुपुर में विधिक साक्षरता/जागरूकता विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मिशन कोऑर्डिनेटर नीतू यति ने उपस्थित बच्चों एवं प्रतिभागियों को कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधिक साक्षरता से व्यक्ति अपने अधिकारों को जानकर उन्हें प्रभावी ढंग से प्रयोग कर सकता है तथा अन्याय के खिलाफ आवाज उठा सकता है।
साधना मिश्रा ने कहा कि विधिक जागरूकता समाज के गरीब और वंचित वर्गों को न्याय सेवाओं तक पहुंचाने में सहायक है। इससे लोग अपने साथ होने वाले शोषण और अन्याय को पहचान कर उसका विरोध करने में सक्षम होते हैं।
जेंडर एक्सपर्ट सीमा द्विवेदी ने बताया कि विधिक साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अन्य संगठन गांव-गांव में शिविर और कार्यशालाओं का आयोजन करते हैं। उन्होंने स्थानीय भाषाओं में साहित्य, रेडियो और टेलीविजन जैसे माध्यमों के जरिए भी जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।

मनोज दीक्षित ने शिक्षा से संबंधित दीक्षा पोर्टल पर उपलब्ध कानूनी सामग्री का उल्लेख किया और कहा कि इससे विद्यार्थियों को कानूनी जानकारी आसानी से प्राप्त हो सकती है। इस अवसर पर किरण, पल्लवी दीक्षित, श्रेया, प्रियंका, नंदलाल यादव, शशि प्रकाश सहित विद्यालय का संपूर्ण स्टाफ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।