सिंगरौली/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा गृहणियों को आपात परिस्थितियों में जीवन बचाने हेतु प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य गृहणियों को प्राथमिक उपचारकर्ता बनाना है, ताकि वे आकस्मिक स्थितियों में तुरंत सहायता प्रदान कर सकें। अब तक एनसीएल की सभी परियोजनाओं और इकाइयों में आयोजित 144 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 4727 महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
इन सत्रों में प्रतिभागियों को सीपीआर (हृदय पुनर्जीवन), सड़क दुर्घटना में त्वरित सहायता, सांप काटने पर प्राथमिक उपचार, जलने/गंभीर चोट पर राहत उपाय, रक्तचाप और सामान्य रोगों की पहचान जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।

ग़ौरतलब है कि एनसीएल ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत 27 जनवरी को की थी, और यह चरणबद्ध तरीके से सभी परियोजनाओं में संचालित किया जा रहा है। इस प्रयास से न केवल महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ रहा है, बल्कि उन्हें समाज में जीवन रक्षक भूमिका निभाने का अवसर भी मिल रहा है।
![]()












