लखनऊ/एबीएन न्यूज। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों की शिकायतों के निस्तारण हेतु पेंशन अदालत–2025 का आयोजन किया जाएगा। यह अदालत 15 दिसम्बर 2025, दिन सोमवार को आयोजित होगी। कार्यक्रम का संचालन मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी के नेतृत्व में किया जाएगा।
पेंशन अदालत के अंतर्गत पेंशन से संबंधित मामलों के आवेदन पत्र 10 अक्टूबर 2025 तक ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन पत्र मंडल कार्यालय के ‘ई.जी.आर.एस.’ केन्द्र, लखनऊ में जमा किए जा सकते हैं अथवा डाक द्वारा भेजे जा सकते हैं। इस तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
आवेदन पत्र में निम्न विवरण स्पष्ट रूप से देना अनिवार्य होगा—
कर्मचारी/आवेदक/भूतपूर्व कर्मचारी का नाम, पदनाम, विभाग व कार्यस्थल, कर्मचारी से संबंध, भूतपूर्व कर्मचारी की सेवानिवृत्ति/मृत्यु तिथि, पी.पी.ओ. की छाया प्रति, आधार कार्ड की छाया प्रति, बैंक विवरण (खाता संख्या, IFSC कोड, बैंक का नाम), मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, पत्राचार का पता (पिन कोड सहित), पेंशन संबंधित दावा स्पष्ट रूप से उल्लेखित, हस्ताक्षर सहित। इस आयोजन का उद्देश्य पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।
![]()











